देश की खबरें | पश्चिम बंगाल : आईआईएम-कलकत्ता के सहयोग से सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

कोलकाता, 19 जून पश्चिम बंगाल स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य सरकार द्वारा संचालित और सहायता प्राप्त स्कूलों के प्रधानाध्यापकों के नेतृत्व विकास प्रशिक्षण के लिए भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम)- कलकत्ता के साथ सहयोग किया है। आईआईएम-कलकत्ता ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

नेतृत्व विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे संस्करण का पहला बैच 17-18 जून को आईआईएम-कलकत्ता परिसर में आयोजित किया गया था।

आईआईएम-कलकत्ता ने एक बयान में कहा कि कार्यक्रम का पहला संस्करण 2021-22 में आयोजित किया गया था, और इसने पांच बैचों में पश्चिम बंगाल के 985 प्रधानाध्यापकों को प्रशिक्षण प्रदान किया।

पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद, जो 12वीं कक्षा की राज्य बोर्ड परीक्षा आयोजित करता है, वह भी इस सहयोगी कार्यक्रम का हिस्सा है।

बयान में कहा गया है कि इस साल दूसरे संस्करण में 2,000 से अधिक प्रधानाध्यापकों के लिए नेतृत्व विकास प्रशिक्षण प्रदान करने का लक्ष्य है।

इस नेतृत्व कार्यक्रम का निर्देशन आईआईएम-कलकत्ता के प्रोफेसर आर राजेश बाबू, चेतन जोशी और सुमंत बसु करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)