देश की खबरें | हमने ‘विजन डॉक्यूमेंट’ की 85 फीसदी घोषणाएं पूरी कीं : मुख्यमंत्री रावत

देहरादून, 25 जून उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा खोलने, गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने सहित अपने विजन डॉक्यूमेंट में की गयी 85 फीसदी घोषणाएं पूरी कर दी हैं।

अल्मोडा और हल्द्वानी में वर्चुअल रैलियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि उनकी सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा खोला है। उन्होंने कहा, ‘‘हम पूर्ण विश्वास के साथ कह सकते हैं कि हमने राज्य को माफिया से मुक्त किया है। किसी को नहीं बख्शा गया है। बहुतों को गिरफ्तार किया गया।’’

यह भी पढ़े | बड़ी खबर! 12 अगस्त तक पटरी पर नहीं लौटेंगी मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें, टिकट का पूरा पैसा होगा रिफंड.

उन्होंने कहा कि हमने गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने पर विचार करने का वादा किया था और पहाड़ की जनभावनाओं का सम्मान करते हुए उसे ना सिर्फ ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने की हमने घोषणा की बल्कि इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी।

भाजपा के ‘विजन डॉक्यूमेंट’ की 85 प्रतिशत घोषणाएं पूरी करने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम केवल वायदा नहीं करते बल्कि उन्हें निभाते भी हैं।

यह भी पढ़े | हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या बढ़कर 839 हुई : 25 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

कोविड-19 के मद्देनजर अपनी सरकार की उपलब्धियां बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे राज्य में 2500 से ज़्यादा डॉक्टर हैं, सभी जिला अस्पतालों में आईसीयू और वेंटिलेटर हैं, स्वास्थ्य सेवाओं को टेली मेडिसीन आदि से जोड़ा गया है, जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्साधिकारियों को अपने स्तर पर जरूरत के हिसाब से मेडिकल कर्मियों की भर्ती का अधिकार दिया गया है।

राज्य के कोविड केयर सेंटर (कोविड-19 देखाभाल केन्द्रों) में 18 हजार बिस्तर होने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन केन्द्रों में फिलहाल करीब 800 लोग ही हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में धन की कोई कमी नहीं है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देश का ऐसा पहला राज्य है जहां पंचायतों को पैसा सीधे उनके खाते में भेजा गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)