चंडीगढ़, सात जुलाई पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत अधिसूचित मजदूरी दरों को बढ़ाये जाने की शुक्रवार को मांग की।
केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह को लिखे पत्र में मुख्यमंत्री ने योजना के तहत मजदूरी के लिए अधिसूचित दरों में बढ़ोतरी की मांग करते हुए कहा, ‘‘मौजूदा दरें बहुत कम हैं।’’
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्य हरियाणा के लिए 357 रुपये की तुलना में पंजाब के वास्ते 303 रुपये की कम मजदूरी दर अधिसूचित की गई है।
मान ने कहा कि उन्हें पता चला है कि यह अंतर योजना की शुरुआत से ही मौजूद है, जबकि दोनों राज्यों की भौगोलिक और आर्थिक स्थितियां एक जैसी ही हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब के श्रम विभाग द्वारा अधिसूचित अकुशल कृषि श्रम मजदूरी दर 381.06 रुपये भी मनरेगा मजदूरी दर से अधिक है।
मुख्यमंत्री ने मामले पर फिर से गौर करने और पंजाब की मजदूरी दरों को हरियाणा के बराबर या पंजाब राज्य श्रम विभाग की मजदूरी दरों के समान बढ़ाने के लिए केंद्रीय मंत्री से हस्तक्षेप की मांग की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY