देश की खबरें | मनप्रीत बादल के कांग्रेस छोड़ने पर वडिंग ने कहा : 'अच्छा हुआ, छुटकारा मिला'

(फोटो के साथ)

चंडीगढ़, 18 जनवरी पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने बुधवार को मनप्रीत सिंह बादल के पार्टी से इस्तीफे देने पर प्रतिक्रिया जताते हुए कहा कि ‘‘अच्छा हुआ, छुटकारा मिला।’’ वडिंग ने बादल को ‘‘सत्ता का भूखा’’ करार दिया।

मनप्रीत बादल कांग्रेस छोड़ने के बाद दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।

अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने ट्वीट किया, ‘‘अच्छा हुआ, छुटकारा मिला। वह (मनप्रीत सिंह बादल) पैदाइशी सत्ता के भूखे हैं। वह यह समझकर कांग्रेस में शामिल हुए थे कि पार्टी जीत रही है। उन जैसे किसी व्यक्ति के लिए पांच साल तक सत्ता से बाहर रहना काफी लंबा समय है।...उन्हें कांग्रेस से विश्वासघात के लिए माफी मांगनी चाहिए।’’

पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने एक अन्य ट्वीट में मनप्रीत पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘कोई भी मीर जाफ़र कभी भी एक राजा के तौर पर याद नहीं किया जाता। भारत के राजनीतिक इतिहास में उनका शर्मनाक कृत्य अंकित है। ’’

मनप्रीत बादल पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के भतीजे हैं। उन्होंने 2016 में अपनी पार्टी पीपुल्स पार्टी ऑफ पंजाब का विलय कांग्रेस में करके उसमें शामिल हो गए थे।

पिछले साल राज्य विधानसभा चुनावों में बठिंडा शहरी सीट से चुनाव हारने के बाद, वह कांग्रेस की बैठकों में दिखाई नहीं दे रहे थे। पार्टी हलकों में ऐसी चर्चा थी कि बादल और वडिंग के बीच मतभेद थे।

मनप्रीत बादल भाजपा में शामिल होने वाले कांग्रेस के एक और वरिष्ठ नेता हैं। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और सुनील जाखड़ समेत कांग्रेस के कई अन्य नेता भाजपा में शामिल हुए थे। पांच बार के विधायक मनप्रीत बादल पिछली कांग्रेस सरकार में वित्त मंत्री थे।

रवि कांत अमित पवनेश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)