देश की खबरें | छत्तीसगढ़ में मरवाही सीट के लिए मंगलवार को मतदान, आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

रायपुर, दो नवंबर छत्तीसगढ़ में मरवाही विधानसभा सीट पर हो रहे उप चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान होगा। अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित इस सीट पर आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के निधन के बाद से यह सीट रिक्त है।

यह भी पढ़े | Reliance To Start Gas Production: रिलायंस दिसंबर 2020 से R-सीरीज फील्ड से शुरू करेगा गैस उत्पादन.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि गौरेला—पेंड्रा—मरवाही जिले में स्थित मरवाही विधानसभा सीट के लिए तीन नवंबर को मतदान होगा।

अधिकारियों ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान के लिए तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। तीन नंवबर को सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा । क्षेत्र में 1,90,907 मतदाता हैं । इनमें 93,694 पुरूष और 97,209 महिला मतदाता हैं। वहीं तृतीय लिंग के चार मतदाता हैं।

यह भी पढ़े | Rajya Sabha Election Result 2020: यूपी के 10 राज्यसभा सीटों के परिणाम घोषित, BJP ने 8, एसपी और BSP ने 1-1 सीट पर जमाया कब्जा.

उन्होंने बताया विधानसभा क्षेत्र में 286 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 126 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं। मतदान दल मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए इससे बचाव लिए चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों का पालन किया जाएगा। कोरोना वायरस संक्रमित मतदाता अंतिम एक घंटे में मतदान कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा बलों के 1400 जवानों को तैनात किया गया है। मतों की गिनती 10 नवंबर को होगी।

मरवाही विधानसभा सीट के लिए आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। लेकिन मुख्य मुकाबला कांग्रेस के केके ध्रुव और भाजपा के डॉक्टर गंभीर सिंह के मध्य होने की संभावना है।

गौरेला—पेंड्रा—मरवाही जिले के अंतर्गत आने वाला मरवाही विधानसभा सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। वर्ष 2000 में नए राज्य के गठन के बाद से यह सीट जोगी परिवार के पास ही था। बीते 29 मई को अजीत जोगी की मृत्यु के बाद से यह सीट रिक्त है।

वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में इस सीट पर अजीत जोगी ने भाजपा प्रत्याशी अर्चना पोर्ते को 46 हजार से अधिक मतों से पराजित किया था।

इस उप चुनाव के लिए जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी और उनकी पत्नी ऋचा जोगी का नामांकन जाति प्रमाण पत्र मामले के कारण रद्द हो चुका है। राज्य बनने के बाद यह पहली बार है कि इस सीट से जोगी परिवार का कोई भी सदस्य चुनाव नहीं लड़ रहा है। अमित जोगी ने इस चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी का समर्थन करने का फैसला किया है।

राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास 69 सीट, भारतीय जनता पार्टी के पास 14 सीट, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के पास चार सीट तथा बहुजन समाज पार्टी के पास दो सीटें है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)