जयपुर, 25 नवंबर राजस्थान में विधानसभा की 199 सीट पर चुनाव के लिए मतदान शनिवार सुबह सात बजे शुरू हुआ जहां पहले चार घंटे में लगभग 25 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले।
निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। पूर्वाह्न 11 बजे तक मतदान प्रतिशत 24.74 रहा।
मतदान शाम छह बजे तक चलेगा।
राज्य में कुल 36,101 स्थानों पर 50 हजार से अधिक मतदान केन्द्र बनाए गए हैं जहां 5,26,90,146 मतदाता प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की बीच चल रहा है।
कुल 1862 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मतदान शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए राजस्थान पुलिस के 70000 जवानों सहित 1.70 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। कुल 2,74,846 मतदान कर्मी मतदान कराएंगे।
गंगानगर जिले की करणपुर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के बाद वहां चुनाव स्थगित कर दिया गया है।
राज्य में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ कांग्रेस व मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी के बीच माना जा रहा है। कांग्रेस को उम्मीद है कि वह राज्य में प्रत्येक चुनाव में सरकार बदलने के 'रिवाज' को बदलते हुए अपना 'राज' (सरकार) कायम रखेगी। वहीं भाजपा उम्मीद कर रही है कि चुनावी लड़ाई में 'कमल' खिलेगा। मतगणना तीन दिसंबर को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY