नयी दिल्ली, तीन फरवरी पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि दिल्ली में बुधवार को मतदान के दौरान लोगों को एक तरफ शिक्षा, विकास और महिला उत्थान तथा दूसरी तरफ ‘‘गुंडागर्दी’’ के बीच चयन करना होगा।
पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने सोमवार को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कई रोडशो किए और लोगों से दिल्ली के विकास को जारी रखने के लिए 5 फरवरी को आम आदमी पार्टी (आप) को वोट देने के लिए कहा।
मान ने आप उम्मीदवार मुकेश गोयल और बंदना कुमारी के समर्थन में आदर्श नगर और शालीमार बाग में रोडशो किए।
मान ने कहा, ‘‘आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है और 5 फरवरी को यह तय करने का आखिरी दिन होगा कि किस पार्टी को सत्ता में लाना है। एक तरफ ऐसी पार्टी है जो शिक्षा, महिला उत्थान और विकास का समर्थन करती है, दूसरी तरफ ऐसी पार्टी है जो गुंडागर्दी में लिप्त है।’’
मान ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बहुचर्चित चुनावी नारे का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘मैं अच्छे दिनों के बारे में नहीं जानता, लेकिन आम आदमी पार्टी निश्चित रूप से ईमानदार और बेहतर दिन लाएगी।’’ यह नारा पहली बार 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान इस्तेमाल किया गया था।
उन्होंने पार्टी के ‘‘बचत पत्र’’ - आप सरकार की योजनाओं के कारण लोगों द्वारा की गई बचत का हवाला देते हुए कहा, ‘‘अगर आप सत्ता में आती है, तो दिल्ली का हर घर कम से कम 20,000 से 25,000 रुपये प्रति माह बचा सकेगा।’’
मान ने कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी के पास बहुत पैसा है - वे आज, आज रात, कल या परसों पैसे लेकर आ सकते हैं।’’
उन्होंने कहा कि अगर ‘‘वे आपको पैसे देने आते हैं, तो उसे ले लें और उससे ज़रूरी सामान खरीदें’’ लेकिन आप की जीत सुनिश्चित करने के लिए आप के चुनाव चिह्न ‘झाड़ू’ का बटन दबाएं।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 5 फरवरी को होना है और नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY