बेलगावी (कर्नाटक), 23 दिसंबर कर्नाटक में वोक्कालिगा समुदाय से ताल्लुक रखने वाले राज्य के मंत्रियों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने शुक्रवार को मांग की कि राज्य के शिक्षण संस्थानों में प्रवेश और सरकारी नौकरियों में समुदाय के लोगों को 12 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए।
प्रदेश के राजस्व मंत्री आर अशोक के नेतृत्व में उन्होंने मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। आरक्षण की मांग के साथ साथ नेताओं ने समुदाय के कल्याण के लिए कुछ अन्य मांगें भी रखीं।
कर्नाटक में प्रभावशाली वोक्कालिगा समुदाय अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) में आता है।
अशोक ने ज्ञापन सौंपने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज, हमने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर हमारा आरक्षण चार प्रतिशत से बढ़ाकर 12 प्रतिशत करने की मांग की। हमारी आबादी 16 प्रतिशत है और हम 12 प्रतिशत आरक्षण चाहते हैं।’’
उन्होंने कहा कि समुदाय के अनेक लोग गरीबी में जीवन यापन कर रहे हैं और कई लोग विभिन्न विकास परियोजनाओं के कारण अपनी जमीन गंवा चुके हैं तथा आर्थिक रूप से कमजोर हैं।
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के. सुधाकर के अनुसार वोक्कालिगा समुदाय के मंत्रियों और विधायकों ने अशोक के नेतृत्व में बैठक की जहां मांग रखने का फैसला किया गया।
यह मांग ऐसे समय में की गयी है जब राज्य सरकार ने अनुसूचित जाति के लिए आरक्षण 15 प्रतिशत से बढ़ाकर 17 प्रतिशत करने तथा अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षण तीन प्रतिशत से बढ़ाकर सात प्रतिशत करने के लिए कदम उठाया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY