जरुरी जानकारी | विष्णु प्रकाश आर पुंगलिया के आईपीओ को दूसरे दिन 10.63 गुना अभिदान

नयी दिल्ली, 25 अगस्त इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (ईपीसी) कंपनी विष्णु प्रकाश आर पुंगलिया लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को निर्गम के दूसरे दिन शुक्रवार को 10.63 गुना अभिदान मिल गया है।

एनएसई की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 308.88 करोड़ रुपये के आईपीओ के तहत 2,19,30,000 शेयरों की पेशकश की गयी है, जबकि बोलियां 23,30,33,100 शेयरों के लिए मिलीं हैं।

गैर-संस्थागत निवेशकों के हिस्से को 19.39 गुना और पात्र संस्थागत खरीदार (क्यूआईबी) खंड में 35 प्रतिशत अभिदान मिला है। खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) की श्रेणी में 12.88 गुना अभिदान मिला।

आईपीओ के तहत 3.12 करोड़ नए शेयर जारी किए गए हैं। इसमें कोई बिक्री पेशकश (ओएफएस) नहीं है।

आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 94-99 रुपये प्रति शेयर है।

कंपनी ने बुधवार को कहा था कि उसने बड़े (एंकर) निवेशकों से 92 करोड़ रुपये जुटाए हैं।

जोधपुर की कंपनी को केंद्र एवं राज्य सरकार के लिए प्रमुख निर्माण परियोजनाओं के डिजायन एवं निर्माण का अनुभव है।

कंपनी इस समय नौ राज्यों में परियोजनाओं पर काम कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)