खेल की खबरें | छींटाकशी से विराट कोहली को कोई परेशानी नहीं होगी : स्टीव वॉ ने आस्ट्रेलिया को चेताया

मेलबर्न, छह नवंबर आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ ने अपनी टीम को भारत के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की आगामी श्रृंखला के लिये विराट कोहली से वाक्युद्ध में नहीं पड़ने की सलाह दी है क्योंकि उनका कहना है कि इससे कोहली और उनकी टीम को अच्छे प्रदर्शन की ‘अतिरिक्त प्रेरणा’ मिल जायेगी ।

बार्डर गावस्कर ट्राफी 17 दिसंबर को एडीलेड ओवल पर दिन रात के मैच से शुरू होगी । इसके बाद मेलबर्न (26 दिसंबर से), सिडनी (सात जनवरी से) और ब्रिसबेन (15 जनवरी से) में मैच खेले जायेंगे ।

यह भी पढ़े | IPL 2020 Qualifier 1: दिल्ली पर बड़ी जीत से मुंबई छठी बार आईपीएल फाइनल में.

दौरे की शुरूआत 27 नवंबर से तीन वनडे मैचों की श्रृंखला के जरिये होगी ।

वॉ ने ईएसपीएन क्रिकइन्फो पर डाले गए वीडियो में कहा ,‘‘ छींटाकशी से विराट कोहली को कोई परेशानी नहीं होगी । महान खिलाड़ियों पर इससे असर नहीं पड़ता । इसलिये इससे दूर ही रहें ।’’

यह भी पढ़े | IPL 2020 Qualifier 1: मुंबई इंडियंस की आतिशी बल्लेबाजी, दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए मिला 201 रन का बड़ा लक्ष्य.

उन्होंने कहा ,‘‘ इससे उन्हें और रन बनाने की अतिरिक्त प्रेरणा मिलेगी । इसलिये उस पर शब्दों के बाण नहीं छोड़ना ही बेहतर है ।’’

आस्ट्रेलिया के तत्कालीन कप्तान टिम पेन और उनकी टीम ने भारतीय टीम के पिछले आस्ट्रेलिया दौरे पर यही गलती की थी और भारत ने आस्ट्रेलियाई सरजमीं पर पहली बार टेस्ट श्रृंखला 2 . 1 से जीती ।

वॉ ने कहा ,‘‘ कोहली विश्व स्तरीय खिलाड़ी है और वह श्रृंखला का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज रहना चाहता है । पिछली बार भारत में स्टीव स्मिथ और वह आमने सामने थे जिसमें स्मिथ तीन शतक लगाकर आगे रहे । यह भी उसके जेहन में होगा और वह ज्यादा रन बनाना चाहेगा ।’’

उन्होंने कहा कि बतौर खिलाड़ी कोहली अब कहीं अधिक नियंत्रित है और भारत को विदेश में जीत दिलाने को बेताब भी ।

उन्होंने कहा ,‘‘ वह पहले से अधिक परिपक्व है और नियंत्रित भी । वह चाहता है कि भारत विदेश में जीतकर नंबर वन की अपनी रैंकिंग के साथ न्याय करे । वह टीम को उस मुकाम पर ले गया है, जहां वह पहले नहीं गई।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)