नयी दिल्ली, दो सितंबर भारत की शीर्ष महिला पहलवान विनेश फोगाट कोरोना वायरस संक्रमण से उबर गई हैं और दो बार उनका परीक्षण नेगेटिव आया है। यह स्टार महिला पहलवान हालांकि एहतियात के तौर पर पृथकवास में ही रहेगी।
चौबीस साल की विनेश ‘खेल रत्न’ पुरस्कार नहीं ले पाई थी क्योंकि 29 अगस्त को होने वाले आनलाइन राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह से पहले वह पॉजिटिव पाई गई थी।
यह भी पढ़े | Sardar Tara Singh Health Update: पूर्व बीजेपी विधायक सरदार तारा सिंह की हालत गंभीर, अस्पताल में एडमिट.
विनेश ने ट्वीट किया, ‘‘मेरा कल (मंगलवार को) दूसरा कोविड-19 परीक्षण हुआ और मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मेरा नतीजा नेगेटिव आया है।’’
तोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली एकमात्र भारतीय महिला पहलवान विनेश ने कहा कि वह कुछ और समय के लिए पृथकवास में रहने को प्राथमिकता देंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘यह शानदार खबर है लेकिन एहतियाती तौर पर मैं पृथकवास में रहूंगी। प्रार्थनाओं के लिए सभी को धन्यवाद।’’
विनेश के निजी कोच वोलेर एकोस अब भी बेल्जियम में हैं और वह ओम प्रकाश दाहिया के साथ ट्रेनिंग कर रही थी। दाहिया भी पॉजिटिव पाए गए हैं और संभवत: ट्रेनिंग के दौरान संक्रमित हुए।
ओम प्रकाश को द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चुना गया था और वह भी 29 अगस्त को यह सम्मान हासिल नहीं कर सके थे।
भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) को लखनऊ में होने वाले महिलाओं के राष्ट्रीय ट्रेनिंग शिविर को कोरोना वायरस महामारी के कारण स्थगित करने को बाध्य होना पड़ा था। शिविर एक सितंबर से शुरू होना था।
पुरुष शिविर हालांकि सोनीपत में तय समय से शुरू हुआ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY