नयी दिल्ली, 26 फरवरी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नयी सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने मंगलवार को आधिकारिक तौर पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मंत्री का पदभार ग्रहण किया और शहर के लोगों की परिवार के सदस्य की तरह सेवा करने का संकल्प लिया।
वर्मा ने हालिया चुनावों में नयी दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी (आप) सुप्रीमो और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हराया था। उनके पास विधायी कार्य, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण, जल और गुरुद्वारा चुनाव जैसे विभाग भी हैं।
मंत्री ने पीडब्ल्यूडी मंत्री के रूप में कार्यभार संभालते हुए एक तस्वीर साझा करते हुए ‘एक्स’ पर कहा कि उन्होंने दिल्ली के लोगों की अपने परिवार की तरह सेवा करने का संकल्प लेकर कार्यभार संभाला है।
वर्मा के साथ भाजपा सरकार के एक अन्य पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी थे।
उन्होंने पोस्ट में कहा, “हम सभी भाग्यशाली हैं कि हमें दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मार्गदर्शन और नेतृत्व प्राप्त हो रहा है।”
मंत्री ने कहा कि ‘डबल इंजन’ वाली भाजपा सरकार दिल्ली को देश का अग्रणी, विकसित राज्य बनाने के मिशन के लिए बिना रुके काम करेगी।
उन्होंने दिल्लीवासियों को आश्वासन दिया कि भाजपा सरकार आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के कल्याण, सुशासन, सेवा और समानता के लिए समर्पित भाव से काम करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY