नयी दिल्ली, 19 जून वेदांता लि. ने चालू वित्त वर्ष में अपने विभिन्न कारोबारों की परिचालन क्षमता बढ़ाने पर 1.7 अरब डॉलर के निवेश की योजना बनाई है। कंपनी के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अग्रवाल ने कंपनी की वित्त वर्ष 2022-23 की वार्षिक रिपोर्ट में कहा कि कंपनी 2022-23 में पहले ही वृद्धि के लिए 1.2 अरब डॉलर का निवेश कर चुकी है।
अग्रवाल ने कहा, ‘‘हम 2023-24 में अपनी वृद्धि वाली परियोजनाओं पर 1.7 अरब डॉलर का और निवेश करेंगे।’’
कंपनी की परियोजनाओं का ब्योरा साझा करते हुए उन्होंने कहा कि वेदांता पहले ही अपनी एल्युमीनियम और जस्ता क्षमताओं का विस्तार कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा तेल और गैस परिचालन देश के कुल उत्पादन का एक-चौथाई है। कंपनी देश के कुल तेल एवं गैस उत्पादन में 50 प्रतिशत योगदान देने के अपने दृष्टिकोण के अनुरूप अपने भंडार और संसाधन पोर्टफोलियो का विविधीकरण कर रही है।’’
बीते वित्त वर्ष में कंपनी के प्रदर्शन के बारे में उन्होंने कहा कि भू-राजनीतिक संकट के बीच वेदांता ने काफी कठिन और अनिश्चित वृहद-वातावरण में काम किया है। इस दौरान ऊर्जा संकट के साथ केंद्रीय बैंकों ने अपने मौद्रिक रुख को काफी सख्त रखा।
अग्रवाल ने कहा कि इसके बावजूद कंपनी ने शानदार परिचालन प्रदर्शन किया और 1,45,404 करोड़ रुपये का राजस्व कमाया। इस दौरान कंपनी की कर पूर्व आय (एबिटा) 35,241 करोड़ रुपये रही। कंपनी ने 18,077 करोड़ रुपये की शुद्ध-मुक्त नकदी का सृजन भी किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY