देश की खबरें | वरुण धवन और नताशा दलाल की शादी : फिल्मी हस्तियों और मेहमानों का अलीबाग पहुंचना शुरू

मुंबई, 23 जनवरी अलीबाग के आलीशान रिजॉर्ट 'द मेन्शन हाउस' में बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन और फैशन डिजाइनर नताशा दलाल की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

धवन लंबे समय से अपनी महिला मित्र रहीं दलाल के साथ रविवार को परिणय सूत्र में बंधेंगे।

धवन (33) को शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अलीबाग के सस्वाने में स्थित विवाह स्थल में प्रवेश करते देखा गया।

सफेद रंग की टी-शर्ट और डेनिम जींस पहने धवन की दाढ़ी बढ़ी हुई थी।

धवन के पिता फिल्मकार डेविड धवन, मां लाली, भाई रोहित और उनका परिवार, उनके चाचा तथा गुजरे जमाने के अभिनेता अनिल धवन तथा उनका परिवार और साथ ही दलाल परिवार शुक्रवार को विवाह स्थल पहुंच गया था।

धवन अभिनीत दो ब्लॉकबस्टर फिल्मों ''हंपटी शर्मा की दुल्हनिया'' और ''बद्रीनाथ की दुल्हनिया'' के निर्देशक शशांक खैतान और फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा को भी शनिवार को विवाह स्थल में प्रवेश करते देखा गया।

मीडिया में आईं खबरों के अनुसार फिल्मकार करण जौहर आज शाम संगीत समारोह की मेजबानी करेंगे। धवन की शादी में उनके पारिवारिक मित्र आलिया भट्ट, जाह्नवी कपूर और अर्जुन कपूर प्रस्तुति देंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)