एजेंसी न्यूज

अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित विभिन्न नेताओं ने शोक प्रकट किया

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘ ऋषि कपूर के असामयिक निधन से गहरा दुःख हुआ है।’’

अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित विभिन्न नेताओं ने शोक प्रकट किया
जमात

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित विभिन्न मंत्रियों ने सदाबहार अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर बृहस्पतिवार को शोक प्रकट किया और उन्हें सदाबहार एवं ऊर्जा से परिपूर्ण व्यक्तित्व बताया ।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘ ऋषि कपूर के असामयिक निधन से गहरा दुःख हुआ है।’’

उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि उनके सदाबहार और प्रसन्नचित्त व्यक्तित्व तथा ऊर्जा के कारण यह विश्वास करना मुश्किल है कि वे नहीं रहे। उनका निधन सिने जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने कहा, ‘‘ उनके परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं।’’

उप राष्ट्रपति नायडू ने अपने शोक संदेश में कहा, “हिंदी सिनेमा के प्रख्यात कलाकार और वरिष्ठ अभिनेता ऋषि कपूर के असामयिक निधन के दुखद समाचार से स्तब्ध हूं। उन्होंने अपनी बहुमुखी अभिनय प्रतिभा से भारतीय दर्शकों को दशकों तक मंत्रमुग्ध रखा और उन चरित्रों को हमारी स्मृति में अमर कर दिया।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘ बहुआयामी, प्रिय और जीवंत...ये ऋषि कपूर जी थे। वह प्रतिभा का पावरहाउस थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ मैं हमेशा सोशल मीडिया पर भी अपनी बातचीत को याद करूंगा।’’

ऋषि कपूर के निधन पर शोक प्रकट करते हुए मोदी ने कहा कि वह फिल्मों और भारत की प्रगति के बारे में उत्साहित रहते थे। उनके निधन से दुखी हूं।

उन्होंने कहा, ‘‘ उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।’’

गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया कि दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर जी के निधन के बारे में जानने पर दुख हुआ। वह अपने आप में एक संस्था थे।

उन्होंने कहा, ‘‘ ऋषि कपूर जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्हें उनके असाधारण अभिनय कौशल के लिए हमेशा याद किया जाएगा।’’

शाह ने कहा कि उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ऋषि कपूर के निधन पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भारतीय सिनेमा के लिए यह एक भयानक सप्ताह है, जिसमें एक और दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर का निधन हो गया है।

उन्होंने कहा कि एक अद्भुत अभिनेता जिनकी हर पीढ़ी में एक विशाल प्रशंसक रहे हैं, उन्हें बहुत याद किया जाएगा। इस दुख की घड़ी में उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि जाने माने फिल्म अभिनेता ऋषि कपूर के निधन से दुखी हूं। उन्होंने अपने अनोखो अंदाज और अदाकारी से अपने प्रशंसकों के दिलों में खास जगह बनाई।

उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में मेरी प्रार्थना, उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं।ओम शांति।

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने ऋषि कपूर के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि भारतीय सिनेमा को एक और बड़ा नुकसान । दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर के निधन से दुखी हूं जो प्रतिभा और कला से भरे हुए व्यक्ति थे ।

उन्होंने कहा कि उनके परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी संवेदना । ओम शांति ।

ऋषि कपूर का मुंबई के अस्पताल में निधन हो गया। उन्हें अचानक तबीयत खराब होने पर बुधवार को रात में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अभिनेता 2018 से ल्यूकेमिया (रक्त का कैंसर) से जंग लड़ रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 30, 2020 12:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).