देश की खबरें | वंदे भारत एक्सप्रेस ने मुंबई-मडगांव की पहली यात्रा नौ घंटे 30 मिनट में पूरी की

मुंबई, 28 जून मुंबई-मडगांव (गोवा) वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन ने बुधवार को अपनी पहली वाणिज्यिक यात्रा साढ़े नौ घंटे में पूरी की और अपने निर्धारित आगमन से लगभग 30 मिनट पहले गंतव्य पर पहुंच गई।

मडगांव (गोवा)-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को भोपाल से ऑनलाइन तरीके से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

इस ट्रेन ने गोवा-मुंबई मार्ग पर लगभग 600 किलोमीटर की दूरी दस घंटे 15 मिनट में पूरी की।

अधिकारियों ने बताया कि मुंबई-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस बुधवार सुबह 5:32 बजे मुंबई के सीएसएमटी से दो मिनट की देरी से रवाना हुई। उन्होंने बताया कि यह अपने निर्धारित आगमन से 24 मिनट पहले अपराह्न 3.06 बजे मडगांव स्टेशन पहुंची।

भारतीय रेलवे की राष्ट्रीय रेल पूछताछ प्रणाली (एनटीईएस) के मुताबिक ट्रेन आठ मिनट की देरी से सुबह 6.38 बजे पनवेल स्टेशन पहुंची। ट्रेन 12 मिनट की देरी के बाद सुबह 6.44 बजे रवाना हुई।

इसके अनुसार यह निर्धारित समय से एक मिनट देरी से सुबह 8.49 बजे रत्नागिरी जिले के खेड़ स्टेशन पर पहुंची और सुबह 8.51 बजे आगे की यात्रा के लिए रवाना हुई।

एनटीईएस के अनुसार ट्रेन समय से आठ मिनट पहले सुबह 10.32 बजे रत्नागिरी स्टेशन पहुंच गई। यह दो मिनट की देरी से सुबह 10.47 बजे रवाना हुई। ट्रेन समय से पहले सिंधुदुर्ग जिले के कांकावली स्टेशन और गोवा के थिविम पहुंच गई। यह अपराह्न 3.06 बजे मडगांव पहुंची।

मध्य रेलवे के अनुसार, मुंबई-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस बारिश के मौसम में मुंबई से प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को और मडगांव से मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को चलेगी।

यह ट्रेन गैर-मानसूनी महीनों में शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी।

मानसून समय सारिणी के अनुसार, ट्रेन को मुंबई और मडगांव के बीच की दूरी तय करने में लगभग 10 घंटे लगेंगे। वंदे भारत एक्सप्रेस गैर-मानसूनी महीनों के दौरान लगभग आठ घंटे में 586 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)