देश की खबरें | वाघेला का कांग्रेस में हमेशा स्वागत है : वरिष्ठ नेता अर्जुन मोढवाडिया

अहमदाबाद, चार अक्टूबर गुजरात के कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अर्जुन मोढवाडिया ने मंगलवार को कहा कि पार्टी में वापसी करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला का हमेशा स्वागत है।

भ्रष्टाचार के एक मामले में गवाह के तौर पर पेश होने के लिए जारी समन के बारे में बात करने के लिए वाघेला और मोढवाडिया ने यहां संयुक्त संवाददाता सम्मेलन किया।

गुजरात विधानसभा में विपक्ष के नेता के पद से इस्तीफा देने के बाद वाघेला ने 2017 में कांग्रेस छोड़ दी थी। वह करीब दो दशक तक कांग्रेस के साथ रहे थे।

यह पूछे जाने पर कि मंच साझा करना क्या वाघेला के पार्टी में वापसी का संकेत है, इस पर मोढवाडिया ने कहा कि वाघेला के लिए कांग्रेस के दरवाजे खुले हैं और इस बाबत उन्हें और पार्टी आलाकमान को फैसला करना है।

वहीं, इस संबंध में पूछे जाने पर वाघेला ने कहा कि मोढवाडिया ने जो कहा वह सही है।

गुजरात में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।

गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री वाघेला ने पिछले साल फरवरी में कहा था कि उन्हें भाजपा से लड़ने के लिए कांग्रेस में शामिल होने में कोई दिक्कत नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)