भुवनेश्वर, 15 दिसंबर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के करीबी सहयोगी वी. के. पांडियन के संबंध में सभी अटकलों को समाप्त करते हुए ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पूर्व अधिकारी के 2024 में आगामी लोकसभा और राज्य विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना नहीं है।
बीजद की प्रदेश कार्यकारी समिति की बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष देबी प्रसाद मिश्रा ने यहां संवाददाता सम्मेलन में यह स्पष्टीकरण दिया।
मिश्रा ने कहा, ‘‘पांडियन ने आज स्पष्टीकरण दिया कि वह आगामी चुनाव नहीं लड़ेंगे।’’
मिश्रा ने कहा कि अगर पांडियन चुनाव लड़ने का फैसला करते हैं तो कोई समस्या नहीं है।
एक सवाल के जवाब में मिश्रा ने कहा कि पांडियन के चुनाव लड़ने को लेकर दुष्प्रचार अभियान चलाया गया था।
बीजद नेता ने कहा, उन्होंने ओडिशा के लोगों के लिए पूरे समर्पण के साथ काम करने की घोषणा की है।
मिश्रा ने कहा, ‘‘अफवाहों के बाद पांडियन ने आज चुनाव लड़ने पर अपना रुख साफ कर दिया। उन्होंने कहा है कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे। अगर वह चुनाव लड़ने का फैसला करते हैं तो कोई समस्या नहीं है, लेकिन लोगों को अफवाहें फैलाने से बचना चाहिए।’’
पूर्व आईएएस अधिकारी पांडियन के 27 नवंबर 2023 को बीजद में शामिल होने के बाद से ऐसी अफवाहें थीं कि वह चुनाव लड़ेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY