देश की खबरें | उत्तराखंड: जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पुरोला का दौरा किया, लोगों से शांति की अपील की

उत्तरकाशी, 12 जून उत्तरकाशी के जिलाधिकारी अभिषेक रोहिल्ला और पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने सोमवार को पुरोला का दौरा कर पहाड़ी शहर में स्थिति का जायजा लिया।

पिछले महीने अल्पसंख्यक समुदाय के एक व्यक्ति समेत दो लोगों द्वारा एक हिंदू लड़की को कथित तौर पर भगा ले जाने के नाकाम कोशिश के बाद से पुरोला और जिले के कुछ अन्य शहरों में सांप्रदायिक तनाव व्याप्त है।

पुरोला में मुस्लिमों द्वारा संचालित दुकानें सोमवार को लगातार 17वें दिन भी बंद रहीं, जबकि शीर्ष अधिकारियों ने समाज के विभिन्न वर्गों के साथ बैठक की और उनसे शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की।

अधिकारियों ने स्थिति की समीक्षा के लिये एसडीएम, अंचल अधिकारी और पुरोला एसएचओ से भी मुलाकात की।

व्यापार मंडल के अध्यक्ष बृजमोहन चौहान ने कहा कि बैठक के दौरान ‘अपराधी प्रवृत्ति’ के मुस्लिम व्यापारियों के अलावा किसी को भी पुरोला छोड़ने के लिए नहीं कहा गया।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर शहर छोड़ दिया, उन्होंने अपनी मर्जी से ऐसा किया।

चौहान ने आरोप लगाया कि एक समुदाय विशेष के व्यवसायियों द्वारा अपराधियों की पहचान करने में सहयोग नहीं किए जाने के कारण लोगों में गुस्सा है।

नगर पंचायत अध्यक्ष हरिमोहन नेगी, समाजसेवी राजपाल पंवार व अंकित पंवार व भारतीय जनता पार्टी मंडल अध्यक्ष जगमोहन पंवार ने कहा कि कस्बे में माहौल बिगड़े इससे पहले अपराधियों पर कार्रवाई की जाए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)