देश की खबरें | उत्तराखंड: गौचर में शांति के बावजूद लगातार तीसरे दिन नहीं खुलीं दुकानें

गोपेश्वर, 17 अक्टूबर उत्तराखंड के चमोली जिले के गौचर इलाके में स्कूटर खड़ा करने को लेकर दो समुदायों के बीच हुआ विवाद शांत हो गया लेकिन बृहस्पतिवार को घटना के तीसरे दिन भी एक समुदाय की दुकाने नहीं खुलीं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने यहां बताया कि मामले में चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें अदालत ने जमानत पर रिहा कर दिया।

इस बीच, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए लगातार तीसरे दिन गौचर और कर्णप्रयाग नगर क्षेत्र में निषेधाज्ञा जारी रही।

गौचर में स्कूटर पार्किंग करने को लेकर मंगलवार को दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जो बाद में मारपीट तक पहुंच गया था।

घटना में कैलाश बिष्ट नाम का व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था।

पुलिस ने रिजवान तथा अन्य 70 से 80 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 191(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों सादाब अहमद (21), उस्मान (28), आसिफ (26) तथा सारीक (26) को बुधवार को गौचर-कर्णप्रयाग क्षेत्र से गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने बताया कि अहमद, उस्मान, आसिफ उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद के राजारामपुर गांव के रहने वाले हैं तथा सारीक नजीबाबाद के सहानपुर गांव का रहने वाला है।

पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों को बाद में जमानत मिल गयी।

चमोली के पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने बताया कि पुलिस निष्पक्ष रूप से अपना कार्य कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)