देश की खबरें | उत्तरप्रदेश : ‘अग्निपथ योजना के खिलाफ दूसरे दिन भी कई जिलों में हिंसक प्रदर्शन्, 260 गिफ्तार

लखनऊ, 17 जून सशस्त्र बलों में भर्ती की केन्द्र की नयी 'अग्निपथ' योजना के खिलाफ उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी हिंसक प्रदर्शन किया। बलिया में प्रदर्शनकारियों ने एक ट्रेन के खाली डिब्बे को आग के हवाले कर दिया और अलीगढ़ में एक पुलिस चौकी फूंक दी गयी।

हिंसक प्रदर्शन के मामले में प्रदेश में अब तक 260 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि अलीगढ़ के टप्पल क्षेत्र में कुछ नौजवानों के एक समूह ने अलीगढ़-पलवल राज्यमार्ग पर स्थित जट्टारी पुलिस चौकी में आग लगा दी। इसके अलावा उन्होंने पुलिस के एक वाहन को भी आग के हवाले कर दिया।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने अलीगढ़ और टप्पल के बीच फंसे कुछ निजी वाहनों पर पथराव भी किया। हिंसक प्रदर्शन के दौरान खैर के पुलिस क्षेत्राधिकारी इंदु सिद्धार्थ घायल भी हो गये। हालांकि उन्हें मामूली चोटें आयी हैं।

कुमार ने बताया कि प्रदेश में 17 जगहों से धरना प्रदर्शन की सूचना आई हैं। हिंसक घटनाओं के मामले में वाराणसी में तीन तथा फिरोजाबाद, अलीगढ़ और गौतम बुद्ध नगर जिलों में एक-एक मुकदमा दर्ज किया गया है। वारदात ग्रस्त पांच जिलों में कुल 260 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा 109 गिरफ्तारियां बलिया में की गई हैं। इसके अलावा मथुरा में 70, अलीगढ़ में 31, वाराणसी में 27 तथा गौतम बुद्ध नगर में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

अलीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि जिले में हिंसा के मामले में 30 लोगों को हिरासत में लिया गया। हिंसाग्रस्त टप्पल इलाके में बल ने फ्लैग मार्च किया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस की साइबर सेल के माध्यम से सोशल मीडिया पर पैनी निगाह रखी जा रही है।

बलिया में ‘अग्निपथ’ योजना के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कुछ नौजवानों ने बलिया रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन के खाली डिब्बे में आग लगा दी और कुछ बसों में तोड़फोड़ की। इसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

बलिया की जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि फिलहाल 100 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए आरोपियों को चिन्हित किया जा रहा है। जांच के बाद आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)