देश की खबरें | उत्तर प्रदेश: बाराबंकी में धार्मिक जुलूस के दौरान तनाव, तीन गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक सोमवार शाम को थाना टिकैतनगर के कस्बा इचौली में मूर्ति विसर्जन जुलूस के लिए अनुमति दी गयी थी। उसने बताया कि प्रशासन की लिखित अनुमति में मस्जिद के पास से गांव के उत्तर तक जुलूस निकालने के लिए जो समय दिया गया था लोगों ने उससे अधिक समय लिया।

पुलिस ने बताया कि जुलूस में शामिल लोगों ने दूसरे समुदाय के धार्मिक स्थल के सामने डीजे रोककर काफी देर तक हुड़दंग किया।

आरोप है कि डीजे पर सवार एक युवक ने मस्जिद पर गुलाल आदि फेंका और आपत्तिजनक गाने बजाए जिसके बाद वहां विवाद शुरू हो गया। पुलिस ने बताया कि काफी देर बाद मामला शांत हुआ।

लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया जिससे वहां भारी संख्या में दोनों समुदाय के लोग इकट्ठा हो गए।

पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में गुलाल फेंकने वाले आलोक, डीजे संचालक रवि और एक अन्य युवक अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘वीडियो के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है। मौके पर पुलिस बल तैनात है, शांति कायम है।’’

इस संबंध में टिकैतनगर थाने के प्रभारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी रामसनेहीघाट जटाशंकर मिश्र ने बताया करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)