भदोही (उप्र), 19 अगस्त जिले के एक गांव में किशोरी का अपहरण कर कथित तौर पर उसके साथ बलात्कार किया गया और फिर हत्या कर पहचान छिपाने के मकसद से शव को तेजाब से जला दिया गया ।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोतवाली इलाके के धौरहरा स्थित एक गांव की रहने वाली 17 वर्षीय लड़की सोमवार को मवेशी चराने गयी थी। देर शाम तक नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गयी। उसका शव बुधवार दोपहर वरुणा नदी में पाया गया। शव का ऊपरी आधा हिस्सा तेजाब से जलाया गया था। परिजन ने लड़की की जीन्स देखकर उसकी पहचान की।
लड़की के परिजन का आरोप है कि उन्होंने उसकी बलात्कार के बाद हत्या किए जाने की आशंका जतायी थी, मगर इसके बावजूद पुलिस ने घोर लापरवाही बरती।
हालांकि पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह का कहना है कि इस मामले में सोमवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
बहरहाल, शव मिलने के बाद नाराज लोगों की भीड़ ने भदोही-जौनपुर मार्ग पर रास्ता जाम करके आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। काफी समझाने—बुझाने के बाद लोग पोस्टमार्टम के लिये शव देने को राजी हुए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लड़की की गला दबाकर हत्या की गयी है और शव की पहचान छुपाने के लिये उसे तेजाब से जलाया गया है।
उन्होंने बताया कि लड़की के पिता ने एक ईंट भट्ठा मालिक समेत कुछ लोगों पर बलात्कार की आशंका जतायी है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता लग सकेगा कि लड़की से बलात्कार हुआ या नहीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY