अहमदाबाद, नौ फरवरी भारत के जी20 शेरपा अमिताभ कांत ने बृहस्पतिवार को कहा कि सफल शहर एक सफल राष्ट्र के लिए आवश्यक हैं और शहरीकरण इस मामले में विकास, रोजगार सृजन तथा गरीबी उन्मूलन का साधन होना चाहिए।
यहां दो दिवसीय ‘अर्बन20 सिटी शेरपास’ बैठक के उद्घाटन सत्र में कांत में कहा कि शहरों को साइकिल चलाने, पैदल चलने के अनुरूप बनाया जाना चाहिए, न कि कारों के अनुरूप।
उन्होंने कहा कि शहरीकरण बदलाव का इकलौता सबसे बड़ा साधन होगा और यह दुनियाभर के लिए एक बदलाव होगा।
साझा समाधान तलाशने के लिए शहरों के बीच एकजुटता को बढ़ावा देने के मकसद से ‘अर्बन20 सिटी शेरपास’ बैठक की शुरुआत बृहस्पतिवार को यहां हुई।
बैठक में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कांत ने कहा कि भारत में जी20 शिखर सम्मेलन ऐसे वक्त में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहा है जब दुनिया यूरोप में बड़े भूराजनीतिक, आर्थिक, जलवायु परिवर्तन और कोविड-19 के बाद की चुनौतियों समेत कई चुनौतियों का सामना कर रही है।
देश के जी20 शेरपा ने कहा कि प्रधानमंत्री का मानना है कि प्रत्येक संकट एक अवसर है और विश्वभर के नेतृत्व को इन संकटों का इस्तेमाल आर्थिक वृद्धि तथा वैश्विक अर्थव्यवस्था में समावेशी, लचीली और सतत वृद्धि लाने में करना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी शहर का मास्टर प्लान शहरीकरण के प्रबंधन के लिए अहम है। हमें यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता है कि ये शहर वैज्ञानिक तरीके से वृद्धि करें और यह अकेले भारत के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए एक चुनौती है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY