देश की खबरें | महाराष्ट्र विधानसभा में हंगामा, कार्यवाही दस मिनट के लिए स्थगित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल शिवसेना और विपक्षी शिवसेना (उबाठा) के सदस्य बृहस्पतिवार को विधानसभा में आमने-सामने आ गए, जिसके कारण हंगामा हुआ और सदन की कार्यवाही दस मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
मुंबई, 17 जुलाई महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल शिवसेना और विपक्षी शिवसेना (उबाठा) के सदस्य बृहस्पतिवार को विधानसभा में आमने-सामने आ गए, जिसके कारण हंगामा हुआ और सदन की कार्यवाही दस मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
विधानसभा में नियम 293 के तहत आवास और शहरी विकास विभाग से संबंधित मुद्दों पर चर्चा पर उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना अध्यक्ष एकनाथ शिंदे का जवाब पूरा होते ही हंगामा शुरू हो गया।
जैसे ही शिंदे ने अपना जवाब समाप्त किया, शिवसेना (उबाठा) विधायक भास्कर जाधव अपनी सीट से खड़े हो गए और विधानसभा अध्यक्ष से मांग करने लगे कि उन्हें सरकार के जवाब पर बोलने के अपने अधिकार का प्रयोग करने की अनुमति दी जाए।
हालांकि, अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि यह अधिकार केवल उस सदस्य को है, जिसने चर्चा शुरू की है और वह विधायक (इस मामले में शिवसेना-उबाठा के आदित्य ठाकरे) उस समय सदन में मौजूद नहीं थे।
जाधव ने अध्यक्ष की आलोचना की, जिस पर शिवसेना सदस्यों ने जोरदार आपत्ति जताई। इस दौरान हंगामे के बीच, नार्वेकर ने सदन की कार्यवाही दस मिनट के लिए स्थगित कर दी।
सदन के दोबारा शुरू होते ही, कैबिनेट मंत्री शंभूराज देसाई (शिवसेना) ने जाधव और ठाकरे के आचरण पर आपत्ति जताई और उन पर आसन तथा सत्तारूढ़ दल की ओर इशारा करने का आरोप लगाया।
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि जाधव ने आसन को उन्हें निलंबित करने की चुनौती दी थी और ऐसा व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।
शिवसेना (उबाठा) के अजय चौधरी ने कहा कि जिस सदस्य (ठाकरे) ने बहस शुरू की थी, उन्हें कुछ काम था और इसलिए वह सदन से बाहर चले गए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 17, 2025 04:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

