देश की खबरें | उप्र : युवक से मारपीट के मामले के मुख्य आरोपी ने अदालत में किया आत्मसमर्पण

रसड़ा थाने के प्रभारी विपिन सिंह ने शुक्रवार को बताया कि सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मंगलवार को एक वीडियो सार्वजनिक हुआ था।

सिंह ने कहा कि उस वीडियो में यह दिखाई दे रहा है कि कुछ युवक एक सुनसान स्थान पर एक युवक को जबरन पकड़कर उसके कपड़े उतरवाते हैं और उसे अपशब्द बोलते हुए पेड़ की टहनी से पीटते हैं।

सिंह के मुताबिक यह घटना गत 13 मार्च की है। इस मामले में रसड़ा थाना क्षेत्र के कटहुरा गांव के अभिषेक राजभर की तहरीर पर प्रिंस सिंह उर्फ मानवेंद्र सिंह , सम्राट सिंह , धन्नू सिंह और राज निषाद के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था।

उन्होंने दर्ज प्राथमिकी के हवाले से बताया कि अभिषेक ने आरोप लगाया है कि प्रिंस सिंह उर्फ मानवेंद्र सिंह, सम्राट सिंह, धन्नू सिंह और राज निषाद गत 13 मार्च को दोपहर उसे कार में जबरदस्ती किसी अज्ञात स्थान पर ले गए और उसके साथ मारपीट की।

उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी प्रिंस सिंह उर्फ मानवेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को बलिया के स्थानीय मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (प्रथम) की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

उन्होंने बताया कि तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

सं जफर

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)