देश की खबरें | कोविड के खिलाफ उप्र की तैयारियां नाकाफी, मुख्यमंत्री जवाबदेही से बच रहे : प्रियंका
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 19 जुलाई कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोलते हुए रविवार को कहा कि राज्य में कोविड-19 के खिलाफ तैयारियां नाकाफी है और मुख्यमंत्री इसे सदी का सबसे कमजोर वायरस जैसे “बचकाना बयान” देकर जवाबदेही से बच रहे हैं।

प्रियंका कोरोना वायरस को लेकर राज्य सरकार अक्सर आलोचना करती रही हैं और उनका आरोप है कि सरकार कोरोना वायरस महामारी से निपटने के बजाय प्रचार में लगी हुयी है।

यह भी पढ़े | Coronavirus: सोसायटी, गेटेड कॉलोनी में कोविड केयर सेंटर बनाने की योजना.

प्रियंका ने ट्वीट किया, ‘‘ सीएम साहब और उनके अधिकारियों ने बार-बार पर्याप्त बेड होने और कोरोना वायरस से लड़ाई में सब कुछ सही होने का दावा किया है लेकिन इन खबरों में लखनऊ का हाल देखकर ही समझ जाएंगे कि यूपी सरकार की नाकाफी तैयारियों, लचर व्यवस्था और कमजोरियों पर पर्दा डालने की नीति ने आज बुरा हाल कर दिया है।’’

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘ मरीज परेशान हैं, स्वास्थ्य कर्मी परेशान हैं लेकिन सरकार के मुखिया "सदी का सबसे कमजोर वायरस" जैसे बचकाना बयान देकर जवाबदेही से मुंह फेरे हुए हैं।’’

यह भी पढ़े | कोरोना के धारावी में 36 नए मामले पाए गए: 19 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने मीडिया में आई कुछ खबरों को भी टैग किया है जिनमें कहा गया है कि लखनऊ में मरीजों को बेड नहीं मिल रहे हैं।

उन्होंने एक वीडियो भी टैग किया है जिसमें बरेली के एक अस्पताल के कोरोना वार्ड में छत से बारिश का पानी गिर रहा है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘बरेली कोविड अस्पताल का हाल देखिए। कोविड वार्ड में झरना फूट पड़ा है। ’’

मुख्यमंत्री ने पिछले महीने एक ऑनलाइन योग कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा था कि किसी को भी कोरोना वायरस से डरना नहीं चाहिए।

उन्होंने कहा था, "यह सदी का सबसे कमजोर वायरस है, लेकिन इसका प्रसार बहुत तेज है। आपको इसके संक्रमण से खुद को बचाना होगा, विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और उन लोगों को, जो पहले से ही किसी बीमारी से पीड़ित हैं।’’

एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि कोरोना वायरस के कारण उत्तर प्रदेश में 24 और मौतें होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 1,108 हो गयी है वहीं संक्रमित लोगों की कुल संख्या 47,036 तक पहुंच गयी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)