नयी दिल्ली, 20 अप्रैल राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने विश्वविद्यालय परिसर में आवारा कुत्तों के हमले में एक व्यक्ति की मौत के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के कुलपति और शहर के नगर आयुक्त को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक, विश्वविद्यालय परिसर से सटे इलाके में रहने वाले सफदर अली (65) सर सैयद संग्रहालय के एक बगीचे में सुबह की सैर पर निकले थे, तभी रविवार को कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया।
आयोग ने एक बयान में कहा कि मीडिया में दिखायी गयी इस तरह की "दर्दनाक घटनाओं" से संकेत मिलता है कि "मौजूदा सुरक्षा उपायों की समीक्षा करने की आवश्यकता है" क्योंकि यह किसी एक राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की समस्या नहीं है और ऐसी "स्थिति गंभीर और खतरनाक है।"
बयान में कहा गया है, आयोग ने 17 अप्रैल को मीडिया में आई एक खबर का स्वत: संज्ञान लिया जिसमें आवारा कुत्तों के हमले की एक और घटना में उत्तर प्रदेश में एएमयू परिसर के अंदर बगीचे में 65 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई।
आयोग ने इस घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव, एएमयू के कुलपति और अलीगढ़ नगर निगम के आयुक्त को नोटिस जारी कर छह सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
आयोग ने कहा कि राज्य सरकार से उम्मीद की जाती है कि वह बताएगी कि क्या मृतकों के परिजनों को कोई राहत दी गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY