देश की खबरें | उप्र : नवरात्रि पर मंदिरों में भारी भीड़, ईद के त्योहार से बाजारों में रौनक

संभल/वाराणसी/अयोध्या (उप्र), 30 मार्च उत्तर प्रदेश के संभल, वाराणसी, अयोध्या, बागपत और अमेठी समेत विभिन्न जिलों में रविवार को नवरात्रि के पहले दिन मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी, जबकि ईद से पहले बाजारों में चहल-पहल बढ़ गयी।

पुलिस ने राज्य में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है।

राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश भर के अधिकारियों के साथ बैठक कर त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पिछले साल नवंबर में संभल की जामा मस्जिद में सर्वेक्षण के दौरान भड़की हिंसा में चार लोगों के मारे जाने के बाद वहां की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए कड़े इंतज़ाम किये गये हैं।

संभल में मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखी गयी। प्राचीन चामुंडा देवी मंदिर और चंदौसी में रामबाग धाम में दुर्गा मंदिर में लोग पूजा-अर्चना करने और आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचे।

वार्ड 18 से नगरपालिका सदस्य चंचल सनी गुप्ता ने ‘पीटीआई-’ से बात करते हुए कहा, ‘‘संभल में भक्तों में भारी उत्साह है। सभी मंदिरों की सफाई की गयी है और पुलिस ने आगंतुकों के लिए उत्कृष्ट सुरक्षा व्यवस्था की है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)