लखनऊ, आठ अक्टूबर केन्द्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग के मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बहुजन समाज पार्टी की नेता मायावती ने शोक व्यक्त किया है।
एक सरकारी बयान के अनुसार राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रामविलास पासवान के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
यह भी पढ़े | COVID-19 Updates in Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या 1 लाख 42 हजार के पार पहुंची.
राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा है कि रामविलास पासवान जमीन से जुड़े राजनेता थे, जिन्होंने सदैव गरीब एवं वंचितों के लिये संघर्ष किया। पासवान के निधन से राजनीति की अपूरणीय क्षति हुई है।
पटेल ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की।
यह भी पढ़े | रिकॉर्ड मतों से लोकसभा चुनाव जीतने वाले Ram Vilas Paswan की राजनीति में थी अलग पहचान.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केन्द्रीय मंत्री पासवान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
यहाँ जारी एक शोक सन्देश में मुख्यमंत्री ने कहा कि रामविलास पासवान एक वरिष्ठ और अनुभवी राजनेता थे। भारत सरकार के मंत्री के रूप में उन्होंने अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। वह हमेशा समाज के कमजोर और निर्धन वर्गों के हित एवं कल्याण के लिए सक्रिय रहते थे। सांसद के रूप में उन्होंने लम्बी अवधि तक अपनी सेवाएं प्रदान कीं। पासवान के निधन से हुई क्षति की भरपाई होना कठिन है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना करते हुए पासवान के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।
बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट कर कहा, ''केन्द्रीय मंत्री व बिहार के प्रमुख नेताओं में से एक रामविलास पासवान के निधन की खबर अति-दुःखद। उनके परिवार व पार्टी के लोगों के प्रति गहरी संवेदना।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY