देश की खबरें | उप्र: बागपत के उपमुख्य चिकित्साधिकारी को जान से मारने की साजिश रचने वाला आरोपी गिरफ्तार

बागपत कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) डीके त्यागी ने बताया कि मामले में जिला टीबी/एचआईवी समन्वयक जब्बार खान को गिरफ्तार किया गया।

उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यशवीर सिंह की शिकायत पर मामले में सात अक्टूबर को खान और मुशीर अहमद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

डॉ. यशवीर सिंह ने शिकायत में दावा किया था कि उन्हें टिंकू नाम के एक सफाई कर्मचारी से ऑडियो क्लिप मिला, जिसमें यह खुलासा हुआ कि कैसे आरोपी ने उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को दिए जाने वाले खाद्य और पेय पदार्थों में खतरनाक रसायनों के साथ एक तपेदिक रोगी के बलगम को मिलाने के लिए उस पर कथित रूप से दबाव डाला था।

उन्होंने जिला टीबी/एचआईवी समन्वयक खान और लैब तकनीशियन मुशीर अहमद पर उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था।

सिंह अपनी पत्नी डॉ. करुणा चौधरी और दो बेटों रुद्राक्ष (10) और कर्णवीर (7) के साथ बागपत में एक सरकारी आवास में रहते हैं।

त्यागी ने बताया कि घटना में नामजद दूसरे अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)