नयी दिल्ली, 26 जनवरी संयुक्त किसान मोर्चा ने मंगलवार को किसानों द्वारा निकाली गयी ट्रैक्टर परेड को रोक दिया है और भागीदारों से अपने-अपने प्रदर्शन स्थलों की और लौटने की अपील की है।
केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों की ट्रैक्टर परेड तय समय से बहुत पहले शुरू हो गयी थी और राष्ट्रीय राजधानी में कई जगहों पर पुलिस के साथ उनका टकराव भी हुआ।
देर शाम तक राष्ट्रीय राजधानी में कई स्थानों पर किसान डटे हुए थे और परेड खत्म करने के लिए पहले से कोई समय निर्धारित नहीं था।
किसानों की यूनियनों के संगठन ने एक बयान में कहा, ‘‘गणतंत्र दिवस पर किसानों की परेड को हमने तत्काल प्रभाव से रोक दिया है और सभी भागीदारों से अपने-अपने प्रदर्शन स्थलों की ओर लौटने की अपील की है। आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा और आगे के कदम पर चर्चा की जाएगी तथा जल्द फैसला लिया जाएगा।’’
संयुक्त किसान मोर्चा, दिल्ली की अलग-अलग सीमाओं पर केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रही 41 किसान यूनियनों का प्रधान संगठन है।
इससे पहले, किसान मोर्चा ने ट्रैक्टर परेड के दौरान हिंसा में संलिप्त रहे किसानों से खुद को अलग कर लिया और आरोप लगाया कि कुछ ‘‘असमाजिक तत्व’’ इसमें शामिल हो गए।
राष्ट्रीय राजधानी में ट्रैक्टर परेड के दौरान हिंसा के बाद यूनियन ने ‘‘अवांछनीय’’ और ‘‘अस्वीकार्य’’ घटनाओं की निंदा की और इस पर खेद प्रकट किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY