नयी दिल्ली, 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बुधवार को दिल्ली में विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें नेताओं और अधिकारियों ने भाग लिया।
केंद्रीय मंत्रियों हरदीप सिंह पुरी, मनसुख मांडविया और पीयूष गोयल तथा दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने शहर में योग दिवस कार्यक्रमों में भाग लिया।
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री पुरी ने ट्वीट किया, ‘‘‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के लिए योग। नयी दिल्ली के विज्ञान भवन में फिटनेस के प्राचीन अभ्यास के वैश्विक उत्सव में योग के प्रतिपादकों और प्रशिक्षकों के साथ योग किया।’’
उन्होंने ‘आसन’ करते हुए अपना एक वीडियो भी साझा किया।
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पहले से रिकॉर्ड वीडियो संदेश भी साझा किया।
राष्ट्रीय राजधानी में नेहरू पार्क, लोधी गार्डन, तालकटोरा गार्डन, कर्तव्य पथ, न्यू मोती बाग-आईएएस रेजीडेंसेस क्षेत्र, संजय झील, सिंगापुर पार्क और सेंट्रल पार्क-कनॉट प्लेस में भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए।
नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद ने आठ स्थानों पर एलईडी स्क्रीन्स लगायीं जहां योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। सभी जगहों पर एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री मोदी और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के पहले से रिकॉर्ड संदेश प्रसारित किए गए।
उपराज्यपाल सक्सेना ने सराय काले खां के बांसेरा में दिल्ली विकास प्राधिकरण द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के बाद सक्सेना ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘हमारे ऋषियों ने योग की खोज की। यह स्वास्थ्य की उन कुंजियों में से एक है जिसमें कुछ भी खर्च नहीं होता। प्रधानमंत्री मोदी इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लेकर गए। हम सभी को इसे अपनाना चाहिए।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY