इडुक्की (केरल), 22 मई केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन व जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भारत को समुद्री क्षेत्र में वैश्विक नेता बनाने के लिए उनके मंत्रालय द्वारा हरित पोत परिवहन और बंदरगाहों के डिजिटलीकरण पर ध्यान केंद्रित करते हुए पांच प्रमुख पहलों की सोमवार को घोषणा की।
मंत्री ने इन पांच पहलों को ‘पंच कर्म संकल्प’ बताया। एक सरकारी बयान में कहा गया कि यहां मुन्नार में हुए मंत्रालय के दूसरे चिंतन शिविर के समापन के बाद इन पहलों की घोषणा की गई।
इसमें कहा गया कि ‘पंच कर्म संकल्प’ में हरित पोत परिवहन को बढ़ावा देने के लिए मंत्रालय से 30 प्रतिशत वित्तीय सहायता के तहत, जवाहरलाल नेहरू, वीओ चिदंबरनार, पारादीप और दीनदयाल बंदरगाहों में से प्रत्येक के लिए ‘ग्रीन टग ट्रांजिशन प्रोग्राम’ के तहत दो कर्षण नौका (टग) खरीदना और इनमें से कुछ पर ‘हाइड्रोजन हब’ विकसित करना शामिल है।
बयान के मुताबिक सोनोवाल ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के तहत, हम समुद्री क्षेत्र में वैश्विक नेता बनने के उद्देश्य से हरित पोत परिवहन और अधिकतम दक्षता के लिए संचालन को डिजिटल बनाने के लिए ठोस प्रयास करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं।”
इसमें कहा गया कि अन्य दो पहल हैं - नदी और समुद्री यात्राओं की सुविधा और निगरानी के लिए एकल खिड़की पोर्टल की स्थापना और अगले साल तक जवाहरलाल नेहरू, वीओ चिदंबरनार और तूतीकोरिन को ‘स्मार्ट’ बंदरगाहों में बदलना।
चिंतन शिविर समाप्त होने के बाद मंत्री ने कहा कि इन पहलों से समुद्री क्षेत्र में अधिक सतत विकास लाने में मदद मिलेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY