देश की खबरें | केंद्रीय मंत्री मुरलीधरन ने केरल में मुसलमानों से यूसीसी विरोधी दुष्प्रचार में न फंसने का आग्रह किया

तिरुवनंतपुरम, एक जुलाई केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन ने शनिवार को केरल में मुस्लिम समुदाय से आग्रह किया कि वह समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के खिलाफ सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और अन्य के दुष्प्रचार में न फंसे।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि यूसीसी के कार्यान्वयन पर केंद्र सरकार का फैसला अगले साल होने वाले आम चुनाव को ध्यान में रखकर नहीं लिया गया है, बल्कि हर चीज के लिए संविधान ही मानदंड है।

वरिष्ठ भाजपा नेता ने पूछा कि क्या संविधान निर्माताओं ने यह सब चुनावों को ध्यान में रखकर लिखा था।

मुरलीधरन ने कहा, "मुस्लिम समुदाय को यूसीसी के खिलाफ माकपा और अन्य लोगों के दुष्प्रचार में नहीं फंसना चाहिए।"

उन्होंने कहा कि यह रवैया कि यूसीसी पर कोई चर्चा नहीं होनी चाहिए, अस्वीकार्य है।

यह उल्लेख करते हुए कि भाजपा इस मुद्दे को सार्वजनिक रूप से सामने रख रही है, मंत्री ने राजनीतिक विरोधियों से बिना किसी डर के इसका स्वागत करने को कहा।

केंद्रीय मंत्री का बयान मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के इस आरोप के एक दिन बाद आया कि समान नागरिक संहिता के मुद्दे को उठाने के पीछे भाजपा का "चुनावी एजेंडा" है। उन्होंने केंद्र सरकार से इसे लागू करने के कदम से पीछे हटने का आग्रह किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)