देश की खबरें | केंद्रीय मंत्री बिश्वेश्वर टुडू ने अरुणाचल प्रदेश में केंद्रीय योजनाओं की सुचारू प्रगति की सराहना की

ईटानगर, 26 अप्रैल केंद्रीय मंत्री बिश्वेश्वर टुडू ने अरुणाचल प्रदेश में केंद्र प्रायोजित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर बुधवार को संतोष व्यक्त किया और कहा कि केंद्र की ओर से सीमावर्ती राज्य को धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।

केंद्रीय मंत्री, मंगलवार को केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा के लिए अरुणाचल प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे।

जल शक्ति और जनजातीय मामलों के राज्य मंत्री ने संवाददाताओं से कहा, "मैं केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित सभी योजनाओं की सुचारू प्रगति के लिए अरुणाचल प्रदेश सरकार की सराहना करता हूं। अधिकांश योजनाएं लगभग पचास फीसदी पूरी हो चुकी हैं।"

टुडू ने केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों के बीच सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सहयोग की वकालत की, ताकि यह सुनिश्चित की जा सके कि योजनाओं का लाभ लक्षित लाभार्थियों तक पहुंचे।

'वन धन विकास योजना' और राज्य में इसके कार्यान्वयन को लेकर केंद्रीय मंत्री ने सुझाव दिया कि राज्य के समृद्ध जनजातीय हस्तशिल्प को वन धन विकास केंद्र के माध्यम से वन धन कार्यक्रम के तहत बढ़ावा दिया जा सकता है, जो देश में ट्राईफेड द्वारा चलाया जा रहा है।

'वन धन योजना', 'न्यूनतम समर्थन मूल्य' (एमएसपी) के माध्यम से लघु वन उपज (एमएफपी) के विपणन के लिए तंत्र और एमएफपी के लिए मूल्य श्रृंखला के विकास का एक घटक है। इसकी शुरुआत 14 अप्रैल, 2018 में हुई थी। यह जनजातीय लोगों के लिए आजीविका सृजन को लक्षित कर और उन्हें उद्यमी बनाने की एक पहल है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)