देश की खबरें | भाजपा की तर्ज पर यूजीसी उच्च शिक्षण संस्थानों की स्वायत्तता को कमजोर कर रही : बंगाल के मंत्री

कोलकाता, 31 जनवरी पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु ने आरोप लगाया है कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) लगभग ‘‘भाजपा की तर्ज पर’’ अपने नियमों का मसौदा तैयार कर उच्च शिक्षण संस्थानों की स्वायत्तता को कमजोर कर रहा है।

आयोग ने हाल ही में यूजीसी (विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों में शिक्षकों और शैक्षणिक कर्मचारियों की नियुक्ति और पदोन्नति के लिए न्यूनतम योग्यताएं, तथा उच्च शिक्षा में मानकों के रखरखाव के लिए उपाय) विनियम, 2025 का मसौदा जारी किया था।

मंत्री ने कहा कि राज्य शिक्षा विभाग ने मसौदा विनियमों पर गौर करने और अपनी सिफारिशें देने के लिए आठ सदस्यीय समिति का गठन किया है, जिसने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है।

बसु ने यह भी आरोप लगाया कि यूजीसी मुख्यमंत्री को राज्य विश्वविद्यालयों का कुलाधिपति नियुक्त करने के राज्य सरकार के फैसले को नकारने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने बृहस्पतिवार को एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘राज्य सरकार मुख्यमंत्री को कुलाधिपति नियुक्त करना चाहती है, लेकिन हाल ही में राज्य के दौरे पर आए यूजीसी के प्रतिनिधि ने ऐसे किसी भी कदम के खिलाफ बात की और इसके बजाय एक समान शिक्षा नीति की वकालत की।’’

बसु ने यूजीसी के अध्यक्ष एम. जगदीश कुमार का नाम नहीं लिया, जो हाल ही में राज्य विश्वविद्यालय के एक दीक्षांत समारोह में शामिल हुए थे, लेकिन उनका इशारा कुमार की ओर था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)