विदेश की खबरें | युगांडा : कांगो सीमा के पास स्कूल पर विद्रोहियों के हमले में 42 लोगों की मौत
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

युगांडा-कांगो सीमा के पास एक माध्यमिक विद्यालय पर संदिग्ध विद्रोहियों के हमले के बाद अधिकारियों ने 38 छात्रों सहित कुल 41 लोगों के शव बरामद किए थे। इन सभी की जलाकर, गोली मारकर या चाकू से गोदकर हत्या की गई थी। स्थानीय महापौर ने शनिवार को यह जानकारी दी।

मपोंडवे-लुबिरिहा के महापौर सेलेवेस्ट मापोज ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि इस हमले में घायल हुए आठ लोगों में से एक और व्यक्ति की मौत हुई है।

युगांडा की सेना के अनुसार, शुक्रवार रात विद्रोहियों ने हमला कर कम से कम छह लोगों को अगवा किया और बाद में झरझरा सीमा पार कर कांगो भाग गये।

महापौर सेलेवेस्ट मापोज ने कहा, ‘‘ ज्यादातर परिजन मुर्दाघर से शव लेने आए हैं।’’

उन्होंने कहा कि कुछ छात्रों को इतनी बुरी तरह से जलाया गया कि उनके शव की पहचान करना भी मुश्किल है। बंदूकों और चाकुओं से लैस हमलावरों ने लुबिरिहा सेकेंडरी स्कूल के अन्य छात्रों को गोली मार दी अथवा किसी अन्य तरीके से मार डाला।

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुतारेस ने एक बयान में इस हमले की निंदा की है।

उन्होंने कांगो और युगांडा के बीच सीमा पार असुरक्षा से निपटने और क्षेत्र में स्थायी शांति बहाल करने के लिए, बढ़ी हुई क्षेत्रीय साझेदारी के माध्यम से सामूहिक प्रयासों को बढ़ाने का आग्रह किया।

मपोंडवे-लुबिरिहा शहर में रविवार को माहौल तनावपूर्ण लेकिन शांत था क्योंकि युगांडा के सुरक्षाबल स्कूल के बाहर और पास की सड़कों पर गश्त लगाते हुए देखे जा सकते थे।

युगांडा के सुरक्षा बलों ने विस्तृत विवरण नहीं दिया है कि पूर्वी कांगो में सक्रिय विद्रोहियों ने इस हमले को कैसे अंजाम दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)