देश की खबरें | उद्धव का राजग की आलोचना करना सत्ता खोने से हुई घोर पीड़ा का उदाहरण: मुनगंटीवार

मुंबई, 26 जुलाई महाराष्ट्र के वन मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सुधीर मुनगंटीवार ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पर निशाना साधने के लिए बुधवार को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर पलटवार किया और कहा कि उनकी आलोचना सत्ता खोने से हुई ‘‘घोर पीड़ा’’ का उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और शरद पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) राज्य में सत्ता में नहीं आ सकती।

मुनगंटीवार ने कहा, ‘‘यह (ठाकरे की आलोचना) इस बात का उदाहरण है कि कैसे शब्द किसी के सत्ता खोने की घोर पीड़ा को बयां करते हैं।’’

अपनी पार्टी के मुखपत्र सामना के संपादक संजय राउत को दिए साक्षात्कार में ठाकरे ने भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में प्रवर्तन निदेशालय, आय कर विभाग और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ही ‘‘केवल तीन मजबूत दल’’ हैं।

दिल्ली में पिछले सप्ताह 38 दलों वाले राजग के नेताओं ने मुलाकात की थी। उसी दिन शिवसेना (यूबीटी) समेत 26 विपक्षी दलों ने बेंगलुरु में बैठक की और अपने गठबंधन का नाम ‘इंडियन नेशनल डेवलेपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) रखने का सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया था।

मुनगंटीवार ने कहा, ‘‘अगर आप ‘आई.एन.डी.आई.ए’ (इंडिया) से एनडीए हटा दें तो केवल आई बचेगा। विपक्ष की राजनीति ‘आई’ के आसपास घूमती है जिसका मतलब है कि वे सत्ता के लिए भूखे हैं। उनका लोगों से कुछ लेना-देना नहीं है और उनके परिवार का मतलब देश है तथा उनके लिए देश कोई परिवार नहीं है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)