देश की खबरें | सतत विकास के लिए साझा एजेंडे के मसौदे को अंतिम रूप देने के वास्ते यू20 महापौर शिखर सम्मेलन शुरू

अहमदाबाद, सात जुलाई दो दिवसीय ‘अर्बन20 महापौर शिखर सम्मेलन’ शुक्रवार को यहां शुरू हुआ और इस दौरान प्रतिनिधि सर्वोत्तम कार्य प्रणाली पर चर्चा करेंगे तथा सतत विकास के लिए एक साझा एजेंडा के मसौदे को अंतिम रूप देंगे।

शिखर सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने यहां कहा कि शहरीकरण की डिजाइन ऐसी होनी चाहिए, जिसमें जलवायु परिवर्तन, सार्वजनिक सेवा और यातायात सहित अन्य समस्याओं का समाधान हो।

उन्होंने कहा, “हमारे भविष्य को आकार देने के लिए हर शहर का विकास महत्वपूर्ण है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी देशों में तेजी से शहरीकरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि शहर न केवल आर्थिक विकास के अवसर पैदा करते हैं, बल्कि वे अपने देशों के लिए सामाजिक अर्थव्यवस्था के अवसर भी प्रदान करते हैं।

पटेल ने कहा कि भारत में गुजरात सर्वाधिक शहरीकृत राज्यों में से एक है।

यू20 भारत की जी20 अध्यक्षता के तहत एक सहभागिता समूह है।

यह एक कूटनीतिक पहल है, जिसमें जी20 देशों के शहर शामिल हैं, जो शहरों के बीच सहयोग के माध्यम से सतत विकास के वैश्विक एजेंडे को आगे बढ़ाने में शहरों की भूमिका पर जोर देता है।

आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अनुसार, लगभग 500 प्रतिनिधि अर्बन20 (यू20) शिखर सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। इसमें लगभग 60 विदेशी शहरों से 142 से अधिक प्रतिनिधि और भारतीय शहरों से 120 से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय शहरों के 45 से अधिक महापौर और उप महापौर भाग ले रहे हैं। इस कार्यक्रम में 35 से अधिक भारतीय महापौर भी शामिल हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “यह आवश्यक है कि शहरीकरण को इस प्रकार डिजाइन किया जाए कि सतत विकास के साथ-साथ जलवायु परिवर्तन, यातायात और सार्वजनिक सेवा वितरण से संबंधित विभिन्न समस्याओं का समाधान भी हो। हम सभी यहां सतत विकास के एक साझा एजेंडे पर काम करने के लिए एकत्र हुए हैं और हमें यह समझना होगा कि हमारे भविष्य को आकार देने के लिए हर शहर का विकास महत्वपूर्ण है।”

आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के सचिव मनोज जोशी ने कहा कि भारत में शहरीकरण ‘बहुत तेज गति’ से हो रहा है।

एक अधिकारी ने कहा कि शहरी प्राथमिकताओं के संबंध में जी20 वार्ताओं के बारे में सामूहिक रूप से जानकारी देने के लिए यू20 शहरों के वास्ते स्थापित एक मंच है।

भारतीय और विदेशी शहरों के 80 महापौर बंद कमरे में आयोजित सत्र के दौरान शहरों के लिए यू20 की प्राथमिकताओं और स्थिरता के एजेंडे पर आगे विचार-विमर्श करेंगे।

मंत्रालय के संयुक्त सचिव कुणाल कुमार ने कहा, “महापौर, उप महापौर और नगर के अधिकारियों के अलावा सरकारी प्रतिनिधियों और भागीदारी कर रहे विषय विशेषज्ञों सहित 500 से अधिक प्रतिभागियों के साथ, यह अब तक के सबसे बड़े यू20 शिखर सम्मेलनों में से एक बनने की ओर अग्रसर है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)