देश की खबरें | छत्तीसगढ़ में बिजली से दो महिलाओं की मौत, एक घायल

जांजगीर (छत्तीसगढ़), तीन अगस्त जिले में बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि एक अन्य महिला झुलस गई है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के बारगांव में बिजली गिरने से खेत में काम कर रही दो महिलाओं बबीता तुर्कानी (35) और धनबाई कश्यप (40) की मौत हो गई है जबकि हीरा बाई लहरे (50) झुलस गई है।

उन्होंने बताया कि तीनों महिलाएं खेत में काम कर रही थीं उसी दौरान सुबह करीब 11 बजे हल्की बारिश के साथ बिजली गिरी। हादसे में बबीता और धनबाई की मौके पर ही मौत हो गई जबकि हीरा बाई गंभीर रूप से झुलस गई।

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि घायल महिला को पामगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)