देश की खबरें | इंदौर के विद्यालय में दो शिक्षिकाओं से छेड़छाड़, लोगों ने आरोपी को पीट कर पुलिस को सौंपा

इंदौर (मध्यप्रदेश), 21 फरवरी इंदौर के एक प्री-नर्सरी स्कूल में शुक्रवार शाम दो शिक्षिकाओं को अकेला पाकर उनसे छेड़छाड़ और उन्हें जान से मारने की धमकी देने के आरोपों में पुलिस ने 33 वर्षीय एक मजदूर को हिरासत में लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

घटनाक्रम का वीडियो सामने आया है जिसमें मौके पर पहुंचे लोग बेसुध आरोपी को पीटते और घसीटते हुए विद्यालय परिसर से बाहर लाते नजर आ रहे हैं।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) देवेंद्र सिंह धुर्वे ने बताया कि रावजी बाजार थाना क्षेत्र में यह घटना तब हुई, जब प्री-नर्सरी स्कूल में शनिवार को होने वाले वार्षिक उत्सव की तैयारी चल रही थी।

उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान संदीप शर्मा (33) के रूप में हुई है और उसे विद्यालय परिसर की साज-सज्जा के लिए दिहाड़ी पर रखा गया था।

धुर्वे ने बताया, ‘‘बच्चों की छुट्टी होने के बाद शाम के वक्त विद्यालय में जब दो शिक्षिकाएं अकेली थीं, तब शर्मा ने उन्हें गलत तरह से छूकर उनसे छेड़छाड़ की। शिक्षिकाओं ने जब आरोपी की इस हरकत का विरोध किया, तो उसने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।’’

एसीपी ने पीड़ित शिक्षिकाओं को आरोपी द्वारा बंधक बनाए जाने की बात को ‘‘पूरी तरह भ्रामक’’ करार दिया।

उन्होंने बताया कि आरोपी को पुलिस हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

एसीपी ने बताया कि विदिशा जिले में सट्टेबाजी को लेकर शर्मा के खिलाफ दो आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं।

पीड़ित महिलाओं में शामिल एक शिक्षिका के पति ने मीडिया कर्मियों को बताया कि आरोपी ने दोनों महिलाओं को अकेला पाकर विद्यालय की छत पर घेर लिया और करीब 15 मिनट चले घटनाक्रम के दौरान उनके साथ अभद्र हरकतें शुरू कर दीं।

इस व्यक्ति ने बताया कि इनमें से एक महिला किसी तरह आरोपी के चंगुल से बचकर भागी और उसने शोर मचाया जिसके बाद आस-पास मौजूद लोग विद्यालय में पहुंचे जिन्होंने आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)