विदेश की खबरें | उत्तर पश्चिमी पाकिस्तान में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में मेजर समेत दो सुरक्षाकर्मी मारे गये
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

पेशावर, 30 जनवरी पाकिस्तान सेना ने बृहस्पतिवार को बताया कि अफगानिस्तान की सीमा से सटे देश के उत्तर-पश्चिम इलाके में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में मेजर समेत दो सुरक्षाकर्मी मारे गये।

सेना की मीडिया शाखा ‘इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस’ (आईएसपीआर) ने बताया कि यह मुठभेड़ 29 जनवरी की रात को सुरक्षा बलों द्वारा खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू किए गए अभियान के दौरान हुई।

सेना ने बताया कि अभियान के दौरान पाकिस्तानी सैनिकों ने छह आतंकवादियों को मार गिराया।

मुठभेड़ में मारे गये सुरक्षाकर्मियों की पहचान रावलपिंडी के 29 वर्षीय मेजर हमजा इसरार और नसीराबाद के 26 वर्षीय सिपाही मुहम्मद नईम के रूप में हुई है।

इसरार इस अभियान में सैनिकों की टुकड़ी की अगुवाई कर रहे थे। सेना ने बताया कि मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने बचे हुए आतंकवादियों को खत्म करने के लिए इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया।

डॉन अखबार की खबर के अनुसार, राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने छह आतंकवादियों को मार गिराने के लिए सुरक्षा बलों की प्रशंसा की और मृत सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।

जितेंद्र अविनाश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)