पत्तनमथिट्टा (केरल), एक नवंबर केरल के एनाथ के पास कल्लड़ा नदी में शुक्रवार को तमिलनाडु के कोयंबटूर निवासी दो लोगों की डूब जाने से मौत हो गई।
केरल अग्निशमन एवं बचाव सेवा के अनुसार, यह दुर्घटना दोपहर करीब साढ़े 12 बजे उस समय हुई जब कोयंबटूर से 13 लोगों का एक समूह तिरुवनंतपुरम के बीमापल्ली जा रहा था और बेली पुल के पास वे नदी में तैरने चले गए।
मृतकों की पहचान मुहम्मद स्वोलिन (12) और अजमल (20) के रूप में हुई है।
अग्निशमन एवं बचाव अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय लोगों ने समूह को गहरे पानी के बारे में चेतावनी दी थी, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया और मंडपम कदावु स्नान घाट के पास एक अलग क्षेत्र में नदी में प्रवेश कर गए।
घटना के संबंध में अपराह्न 12:45 बजे सूचना मिलने के तुरंत बाद अदूर अग्निशमन केंद्र की एक टीम वहां बचाव अभियान में जुट गई। बाद में उन्होंने कोलास्सेरी स्नान घाट के पास से शव बरामद किए।
अग्निशमन एवं बचाव अधिकारियों ने बताया कि तेज बहाव के बावजूद लगभग आधा किलोमीटर तक तलाश करने के बाद दोनों शव बरामद कर लिए गए।
उन्होंने बताया कि हालांकि पत्तनमथिट्टा से गोताखोर का एक दल वहां पहुंच रहा था, लेकिन अदूर अग्निशमन दल उनके पहुंचने से पहले ही शवों को निकालने में सफल रहा।
मृतक के माता-पिता भी नदी में उतरने वाले समूह में शामिल थे।
अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY