नोएडा (उत्तर प्रदेश), 18 अगस्त गौतमबुद्ध नगर जिला पुलिस की साइबर शाखा ने निवेश में लाभ का झांसा देकर दो लोगों से 40 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी के दो मामलों में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पहली घटना ग्रेटर नोएडा के ट्रायडेंट एम्बेसी सोसाइटी में रहने वाली वंशिका अरोड़ा के साथ हुई।
पीड़िता से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने बताया कि कुछ दिन पहले वंशिका के पास व्हाट्सऐप पर पूजा नामक लड़की का संदेश आया जिसने पार्ट टाइम काम करके हजारों रुपये कमाने के बात कही।
तहरीर के अनुसार, पूजा ने पीड़िता वंशिका को टेलीग्राम के एक ग्रुप पर जोड़ा जिसके माध्यम से उन्हें यू-ट्यूब चैनलों को लाइक और सब्सक्राइब करने पर पैसे मिलते थे, धीरे-धीरे उन्हें कुछ घंटों के लिए धन निवेश करने पर लाभ कमाने का अवसरभी मिलने लगा।
तहरीर के अनुसार, वंशिका को बाद में न्यूयार्क स्टॉक एक्सचेंज में निवेश का लालच देकर आरोपियों ने उनसे 34.50 लाख रुपये ले लिए। पैसे वापस मांगने पर उन्होंने वंशिका को टेलीग्राम ग्रुप से बाहर कर दिया।
पुलिस ने बताया कि दूसरी घटना सेक्टर-39 में रहने वाली डॉक्टर निदा चौधरी के साथ हुई।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने बताया कि डॉक्टर चौधरी के साथ भी उपरोक्त तरीके से 8.79 लाख रुपये की ठगी की गई है।
नोएडा के सेक्टर-36 स्थित साइबर अपराध थाने की प्रभारी निरीक्षक रीता यादव ने बताया कि दोनों घटनाओं में मिली तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY