इंदौर (मध्यप्रदेश), तीन जुलाई इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) की आयोजित परीक्षा से पहले इसके दो पर्चे अनुचित तरीके से हासिल कर इसे विद्यार्थियों को मुहैया कराने के आरोप में एक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी।
विज्ञप्ति में बताया गया कि आरोपी की पहचान शहर के एक निजी महाविद्यालय में प्रोफेसर के रूप में पदस्थ भुवनेश सिंह पंवार के रूप में हुई है।
विज्ञप्ति के मुताबिक पंवार पर आरोप है कि उन्होंने बी.कॉम. प्रथम वर्ष के दो पर्चे डीएवीवी की मई के दौरान आयोजित परीक्षा के पहले नाजायज तौर पर हासिल किए और इन्हें कुछ विद्यार्थियों तक पहुंचाकर परीक्षा की गोपनीयता भंग कर दी।
विज्ञप्ति में बताया गया कि पंवार जिस महाविद्यालय में पदस्थ हैं, उसे डीएवीवी ने परीक्षा केंद्र बनाया था।
विज्ञप्ति के मुताबिक आरोपी ने परीक्षा कार्य में अपनी ड्यूटी का अनुचित फायदा उठाते हुए "व्यावसायिक नियामक ढांचा" और "व्यावसायिक संगठन और सम्प्रेषण" के पर्चे परीक्षा से पहले हासिल कर लिए।
विज्ञप्ति में बताया गया कि सोशल मीडिया पर ये पर्चे सामने आने से मचे बवाल के बाद डीएवीवी प्रबंधन ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी और इसकी विस्तृत जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY