देश की खबरें | किश्तवाड़ में दो मदरसे सील किए गए

जम्मू, सात जुलाई जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम के उल्लंघन के आरोप में दो मदरसों को सील कर दिया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

किश्तवाड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) खलील अहमद पोसवाल ने कहा कि अवैध वित्तीय लेनदेन की व्यापक जांच के तहत दो मदरसों को सील किया गया है। उनके मुताबिक, इस अवैध वित्तीय लेनदेन में जम्मू स्थित एक समूह शामिल है।

उन्होंने कहा कि अब तक इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर गृह विभाग और जम्मू के मंडलीय आयुक्त के निर्देशों पर दो इस्लामी शिक्षण संस्थानों को सील किया गया है।

किश्तवाड़ के उपायुक्त देवांश यादव ने द्रबशाला इलाके के ततानी सरूर में स्थित अशरफ-उल-उलूम और आरपीआई अकादमी का कब्जा लेने का आदेश दिया था।

यादव ने कहा कि मदरसों को विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम के नियमों का उल्लंघन करने के लिए सील किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि इन मदरसों का संचालन बठिंडी (जम्मू) के मौलाना अली मिया नदवी एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा शुरू की गई पहल के तहत यह कार्रवाई की गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)