देश की खबरें | तपोवन सुरंग में और दो शव मिले, मृतकों की संख्या 61 हुयी

तपोवन (उत्तराखंड), 17 फरवरी उत्तराखंड के चमोली जिले में अचानक आयी बाढ़ के बाद फंसे श्रमिकों तक पहुंचने के लिए 12 वें दिन भी बचाव अभियान जारी रहने के बीच बृहस्पतिवार को तीन शव बरामद हुए जिससे इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 61 हो गयी वहीं 143 लोग अब भी लापता हैं।

पुलिस के अनुसार एनटीपीसी की बाढ़ प्रभावित तपोवन-विष्णुगढ़ पनबिजली परियोजना की एक सुरंग से दो शव बरामद किए गए वहीं एक शव रैनी में मिला।

तपोवन में अब तक 13 श्रमिकों को कीचड़ से भरी सुरंग से बाहर निकाला जा चुका है। हादसे के समय वहां बड़ी संख्या में लोग काम कर थे।

बृहस्पतिवार को सुरंग से एक मानव अंग भी बरामद किया गया। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के विभिन्न हिस्सों से अब तक बरामद मानव अंगों की कुल संख्या 27 हो गई।

सुरंग में पानी इकट्ठा होने से बचाव कार्य में बाधा आ रही थी लेकिन बुधवार को सुरंग में तलाशी अभियान फिर शुरू किया गया।

सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवानों के संयुक्त दल द्वारा सुरंग से पानी बाहर निकालने के बाद बुधवार दोपहर को फिर से बचाव अभियान शुरू किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)