विदेश की खबरें | तुर्किये: भूकंप प्रभावित 11 में से नौ प्रांतों में बचाव कार्य समाप्त, मृतक संख्या बढ़कर 40,689 हुई
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

भूकंप के बाद रविवार का घटनाक्रम ये है-

मृतकों की संख्या में 47 की वृद्धि

तुर्किये में भूकंप के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 40, 689 हो गई है। यह जानकारी देश की आपदी एजेंसी एएफएडी के प्रमुख यूनुस सेजर ने दी। मृतकों की संख्या में शनिवार शाम तक के आंकड़े के मुकाबले 47 की बढ़ोतरी हुई है।

सेजर ने पत्रकारों से अंकारा में कहा कि भूकंप से प्रभावित 11 में से नौ प्रांतों में तलाश और बचाव का काम समाप्त हो चुका है।

उन्होंने कहा कि भूकंप का केंद्र रहे कहारामनमारस और हतय में अभियान अभी जारी है। उन्होंने कहा कि दो प्रांतों में बचाव अभियान जारी है, लेकिन मलबे से किसी के जीवित निकाले जाने के कोई संकेत नहीं हैं।

इसके पहले शनिवार को एक परिवार के तीन सदस्यों- मां, पिता और 12 वर्षीय बेटे को हतय में ध्वस्त इमारत के मलबे से निकाला गया था, लेकिन बेटे की बाद में मौत हो गई थी।

तुर्किये और सीरिया में मृतकों की सम्मिलित संख्या बढ़कर 44,337 हो गई है।

मुख्य भूकंप के बाद 6000 से अधिक झटके

तुर्किये के आपदा प्रबंधन ने कहा कि शुरुआती भूकंप के बाद करीब 6,040 आफ्टरशॉक (मुख्य भूकंप के बाद के झटके) ने 11 प्रांतों को प्रभावित किया। शुरुआती भूकंप की तीव्रता 7.8 थी, लेकिन इसके नौ घंटों बाद 7.5 तीव्रता का झटका आया।

एएफएडी के महा प्रबंधक ओरहान तातर ने कहा कि बाद में पांच से छह तीव्रता के 40 झटके (ऑफ्टरशॉक) आए, जबकि 6.6 तीव्रता वाले बाद के झटके की संख्या एक थी।

उन्होंने द्वितीयक आपदाओं जैसे कि भूस्खलन और चट्टान खिसकने को लेकर चेताया है।

जांच में एक लाख से अधिक इमारतें बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिलीं हैं।

तुर्किये के पर्यावरण और शहरीकरण मंत्रालय की ओर से की गई जांच में करीब 1,05,794 इमारतें तबाह हो गई हैं या इतना बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं कि उन्हें ध्वस्त करने की जरूरत है।

मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय के बयान में कहा गया कि इनमें से 20,662 इमारतें ढह गईं। नष्ट हुई इमारतों में 3,84,500 से अधिक इकाइयां थीं, जिनमें ज्यादातर आवासीय अपार्टमेंट थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)