अगरतला, नौ सितंबर त्रिपुरा के सिपाहीजला जिले में अल्पसंख्यक बहुल बक्सनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में 30,000 से अधिक मतों से जीत हासिल कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तफ्फजल हुसैन चर्चा के केंद्र में आ गए हैं।
बक्सनगर विधानसभा क्षेत्र में 66 प्रतिशत से अधिक मतदाता अल्पसंख्यक समुदाय के हैं और यह निर्वाचन क्षेत्र मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का गढ़ था।
त्रिपुरा में अल्पसंख्यक बहुल बक्सनगर विधानसभा सीट से हुसैन की जीत को भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिस पर राज्य में अल्पसंख्यकों के हितों की अनदेखी करने का आरोप है।
बक्सनगर सीट पर हुए उपचुनाव में तफ्फजल को 33,849 वोट मिले, जबकि माकपा के मिजान हुसैन को केवल 3,884 वोट मिले। वामपंथी दल ने 25 वर्षों में पहली बार अपना यह गढ़ गंवा दिया। मुख्यमंत्री माणिक साहा और उनके कैबिनेट सहयोगियों के नेतृत्व में आक्रामक प्रचार अभियान के सहारे भाजपा ने माकपा को उसके गढ़ में हरा दिया।
हुसैन ने यह उपचुनाव जीतने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘पिछले 40 वर्षों से बक्सनगर के लोगों को माकपा और कांग्रेस ने मूर्ख बनाया है। अब लोगों ने अपने साथ हुए दुर्व्यवहार का बदला लिया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘2023 फरवरी के चुनाव में मतदाताओं को वामपंथियों ने गुमराह किया था। इस बार हम भाजपा के बारे में गलतफहमियों को दूर करने में कामयाब हुए। परिणाम हमारे सामने है क्योंकि माकपा उम्मीदवार की जमानत भी जब्त हो गई।’’
हुसैन ने कहा कि लोगों ने माकपा को सबक सिखाने के लिए भाजपा को बड़ी संख्या में वोट दिया। उन्होंने दावा किया, ‘‘फरवरी, 2023 में विधानसभा चुनाव में, माकपा ने अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को गुमराह कर सीट जीती। लेकिन इस बार उन्होंने माकपा को सबक सिखाने के लिए बड़ी संख्या में भाजपा को वोट दिया। माकपा जल्द ही अतीत की पार्टी बनकर रह जाएगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘माकपा को पता था कि वह चुनाव हार जाएगी। इसलिए उसने मतगणना का बहिष्कार किया।’’
माकपा विधायक समसुल हक के निधन के कारण बक्सनगर सीट पर उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था। माकपा ने सहानुभूति वोट हासिल करने के लिए हक के बेटे मिजान हुसैन को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्हें शिकस्त का सामना करना पड़ा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY